नाटो देश पोलैंड में घुसी रूसी मिसाइल, दो लोगों की मौत
अंतरराष्ट्रीय/राजनीति
फ्रांस की न्यूज एजेंसी AFP के हवाले से खबर है कि रूसी मिसाइल नाटो सदस्य देश पोलैंड के पुर्वी हिस्से में घुस गई जिसके जद में आकर दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस विस्फोट से हुई जनहानि में मौत का आंकड़ा बढ़ने की संभावना है। पोलैंड के विदेश मंत्रालय ने मिसाइल का रूसी निर्मित होने का दावा किया है। इस मिसाइल हमले के बाद पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने आगे की जांच और रणनीति के लिए बातचीत की है। इंडोनेशिया के बाली में हो रहे जी 20 शिखर सम्मेलन में शामिल अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने आज जी 7 सदस्य देशों के साथ भी पोलैंड में गिरी रूसी मिसाइल के बारे में चर्चा की है। जी 7 सदस्य देशों की बातचीत की तस्वीर सामने आई है जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों व ब्रिटेन के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री ऋषि सुनक समेत इटली, जर्मनी, जापान, स्पेन और नीदरलैंड्स के नेता शामिल हैं।
इस बीच पोलैंड पर हुए मिसाइल हमले पर रूस की भूमिका पर संदेह प्रकट करते हुए जो बाइडेन ने यह भी कहा कि इसकी संभावना कम है कि मिसाइल को रूस के तरफ से दागा गया होगा। हम इसकी जांच करेंगे और विभिन्न देशों के राजदूतों की बैठक बुलाएंगे।
बता दें कि हाल ही में खेरसाॅन से रूसी सेना की वापसी के ऐलान के बाद पिछले नौ महीने से ज़ारी रूस यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के पहल के रूप में देखा जा रहा था। रूस के इस फैसला के बाद अमेरिका ने भी उम्मीद जताई थी कि दोनों देशों के बीच शांति वार्ता का रास्ता खुल सकता है।
लेकिन पोलैंड पर तथाकथित रूसी मिसाइल हमले के बाद एक बार फिर नया मोड़ आ गया है। पोलैंड नाटो (North Atlantic Treaty Organization) का सदस्य देश है और रूस का यह मिसाइल हमला नाटो सदस्य देशों के खिलाफ माना जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो इस रूस यूक्रेन युद्ध की कड़ी में पोलैंड पहला नाटो सदस्य होगा जिसपर रूस ने मिसाइल हमला किया है।