Thursday, April 30, 2020

समाचार अपडेट

दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का निधन:

देश अभी अभिनेता इरफान खान के निधन से शोकाकुल था कि आज गुरुवार को एक और दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया है. बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के एच. एन. रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वो पिछले दो साल से ल्यूकेमिया नामक बिमारी से जूझ रहे थे. ऋषि कपूर ने आज सुबह करीब पौने नौ बजे अस्पताल में आखिरी सांस ली. वो 67 वर्ष के थे. ऋषि की मौत की जानकारी सबसे पहले उनके भाई रणधीर कपूर ने दी. ऋषि कपूर को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी. वो पिछले साल सितम्बर में ही न्यूयॉर्क में लगभग एक साल कैंसर का इलाज करवाने के बाद भारत लौटे थे. ऋषि कपूर के आखिरी समय में उनकी पत्नी नीतू कपूर भी उनके साथ मौजूद रहीं.
गौरतलब है कि ऋषि कपूर ने अपने कैरियर की शुरुआत बतौर बाल कलाकार फिल्म 'मेरा नाम जोकर' से की थी. इस फिल्म को राज कपूर द्वारा निर्देशित किया गया था. ऋषि कपूर ने पहली बार लीड एक्टर के रूप में फिल्म 'बाॅबी' में काम किया था, जिसके लिए उन्हें 1974 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला. वहीं, साल 2008 में ऋषि कपूर को फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था. बता दें कि ऋषि कपूर के पिता राज कपूर और दादा पृथ्वीराज कपूर भी अभिनय कला में सक्रिय रहें. वर्तमान में ऋषि कपूर के बेटे रणबीर कपूर भी बाॅलीवुड में सक्रिय हैं.

Wednesday, April 29, 2020

समाचार अपडेट

नहीं रहे फिल्म एक्टर इरफान खान, मुंबई के अस्पताल में ली आखिरी सांस

बाॅलीवुड एक्टर इरफान खान का आज बुधवार को निधन हो गया है. वह लम्बे समय से एंडोक्राइन ट्यूमर नामक कैंसर से जूझ रहे थे. मंगलवार को अचानक इरफान खान की तबियत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इरफान के अधिकारिक प्रवक्ता द्वारा देर रात यह दावा किया गया था कि उनकी तबियत में सुधार है. लेकिन आज सुबह इरफान खान की मौत की जानकारी दी गई. इरफान ने सुबह करीब 11 बजे आखिरी सांस ली. वे 54 वर्ष के थे.
गौरतलब है कि 25 अप्रैल को ही इरफान खान की माँ सईदा बेगम का निधन हुआ था. लेकिन लाॅकडाउन के वजह से वे अपनी माँ के अंतिम यात्रा में शामिल नहीं हो सके थे तथा विडियो काॅन्फ्रेंसिग के जरिये अपनी माँ की अंतिम विदाई दी थी. बता दें कि इरफान खान ने साल 2018 में अपनी बिमारी के बारे में स्वयं खुलासा किया था और अपने फैंस के नाम एक भावुक संदेश दिया था.
इरफान खान को साल 2011 में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. इसके अलावा साल 2012 में उन्हें फिल्म पान सिंह तोमर के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था. इरफान खान की आखिरी फिल्म अंग्रेजी मीडियम है. 

Monday, April 27, 2020

समाचार अपडेट

नये शैक्षिक सत्र में नहीं होगी शुल्क वृद्धि: उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने सोमवार को देर शाम ट्वीट कर नये शैक्षिक सत्र की शुल्क वृद्धि नहीं किये जाने की जानकारी दी है. उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा शुल्क वृद्धि नहीं किये जाने के इस निर्णय को जनहित में बताया है. दिनेश शर्मा ने ट्वीट कर कहा है कि ' उत्तर प्रदेश सरकार ने जनहित में यह निर्णय लिया है कि शैक्षिक सत्र 2020-21 में समस्त बोर्डों द्वारा कोई शुल्क वृद्धि नहीं की जाएगी. समस्त विद्यालयों द्वारा नये प्रवेश एवं प्रत्येक कक्षा हेतु शैक्षिक सत्र 2019-20 में लागू शुल्क संरचना ही शैक्षिक सत्र 2020-21 में लागू रहेगी.' 
गौरतलब है कि कोरोना महामारी के कारण प्रदेश के साथ-साथ  सम्पूर्ण देश में लाॅकडाउन घोषित है. इस लाॅकडाउन में समस्त विद्यालय व शिक्षण संस्थान भी बंद हैं. ऐसे में छात्र- छात्राओं के सत्र को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार पहले ही कक्षा एक से नौ तक तथा इंटरमीडिएट के कक्षा ग्यारह के समस्त छात्रों को प्रमोट करने की बात कह चुकी है. नये सत्र के शुल्क संरचना को लेकर समस्त शिक्षण संस्थान, छात्र व अभिभावक भ्रम के स्थिति में थें, जिसे स्पष्ट करते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने शुल्क वृद्धि नहीं करने की बात कहा है.

Sunday, April 26, 2020

समाचार अपडेट

कोरोना संक्रमण से अबतक 845 मौत :
भारत में लाॅकडाउन के बावजूद रविवार देर रात तक कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद बढ़कर 27,031 हो गये हैं. एक रिपोर्ट के अनुसार रविवार तक जहाँ कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 845 हो गई है वहीं दूसरी तरफ 5914 मरीजों को पूरी तरह ठीक होने के उपरान्त अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.

रविवार देर रात तक कोरोना संक्रमित मरीजों की कहाँ हैं कितने मामले : एक नज़र
1) महाराष्ट्र - 8,068                  2) गुजरात- 3,071

3) दिल्ली - 2,625 4) मध्यप्रदेश- 2,096

5) राजस्थान- 2,083 6) उत्तर प्रदेश- 1,843

7) तमिलनाडु- 1,821 8) आंध्रप्रदेश- 1,097

9) तेलंगाना- 991 10) पश्चिम बंगाल- 611
  11) कर्नाटक- 501 12) जम्मू कश्मीर- 494
  13) केरल- 458 14) पंजाब- 298
  15) हरियाणा- 289 16)  बिहार- 251
  17) ओडिशा- 103 18) झारखंड- 53
19) उत्तराखंड- 50 20) हिमाचल प्रदेश- 40
  21) छत्तीसगढ़- 37 22) असम- 36
  23) अंडमान और निकोबार- 33 24) चंडीगढ़- 30
  25) लद्दाख- 20 26) मेघालय- 12
27) गोवा- 7 28) पुडुचेरी- 7
  29) त्रिपुरा- 2 30) मणिपुर- 2
  31) मिजोरम- 1 32) अरूणाचल प्रदेश- 1

समाचार अपडेट


महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित के 440 नये मामले, 19 लोगों की मौत:

महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित 440 नये मामले मिलने की जानकारी दिया है. इस प्रकार अब तक महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद बढ़कर 8068 हो गई है. वहीं रविवार को राज्य में कोरोना संक्रमण से 19 लोगों की मौत हो गई है जबकि 112 मरीजों को पूरी तरह से ठीक होने के बाद छुट्टी दे दिया गया. इस प्रकार केवल महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित होकर मरने वालों की संख्या बढ़कर 342 हो गई है. अब तक महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित 1188 मरीजों को ठीक किया जा चुका है.