Monday, October 10, 2022

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला समेत कई राजनेता सपा सुप्रीमो का करेंगे अंतिम दर्शन

 आज दिन मंगलवार को समाजवादी पार्टी के संस्थापक व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार सैफई गांव में उनके पैतृक आवास पर होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के साथ साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तेलंगाना मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव, छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत तमाम प्रदेशों के मुख्यमंत्री और राजनेता अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। 


सपा की आवाज थे मुलायम : लोकसभा अध्यक्ष बिड़ला


सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि वे समाजवादी पार्टी के आवाज़ रहे थे। उनकी 16वीं-17वीं लोकसभा में मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव की बढ़ती उम्र व स्वास्थ्य ठीक ना होने के बावजूद उनका लोकसभा में आना और अपना विचार व्यक्त करना  उनका लोकतंत्र के प्रति आस्था को दर्शाता था। मेरी संवेदना उनके परिवार के साथ है।


मुलायम जी का निधन अपूर्णनीय क्षति : मनोज सिन्हा


जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन अपूर्णनीय क्षति है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे। उनके समर्थकों से उम्मीद है कि वह मुलायम जी द्वारा दिखाए गये जनसेवा के रास्ते पर चलेंगे। 


मुलायम की सादगी को हमेशा याद किया जाएगा : गुलाम नबी आजाद 


जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और हाल ही में कांग्रेस से अलग होकर अपनी नई पार्टी डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी बनाने वाले वरिष्ठ राजनेता गुलाम नबी आजाद ने सपा सुप्रीमो के निधन शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह दुःख की बात है की मुलायम जी आज हमारे बीच नहीं हैं। उनकी सादगी को हमेशा याद किया जाएगा । गुलाम नबी आजाद ने यह भी कहा कि जब तक मुलायम जी राजनीति में रहे, वे हमेशा गरीबों, किसानों और मजदूरों के बीच रहे। हमारी बहुत सारी यादें उनके साथ हैं।


गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में हुआ था सपा सुप्रीमो का निधन

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का ईलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। सोमवार लगभग आठ बजकर बीस मिनट के करीब उनका निधन हो गया। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह , आप नेता संजय सिंह समेत तमाम नेता मेदांता अस्पताल पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।  जिसके पश्चात पार्थिव शरीर को उत्तर प्रदेश के सैफई गांव में उनके पैतृक आवास पर लाया गया। आज उनका वहीं अंतिम संस्कार होना है।