Wednesday, November 16, 2022

नाटो देश पोलैंड में घुसी रूसी मिसाइल, दो लोगों की मौत

 नाटो देश पोलैंड में घुसी रूसी मिसाइल, दो लोगों की मौत

अंतरराष्ट्रीय/राजनीति 

फ्रांस की न्यूज एजेंसी AFP के हवाले से खबर है कि रूसी मिसाइल नाटो सदस्य देश पोलैंड के पुर्वी हिस्से में घुस गई जिसके जद में आकर दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस विस्फोट से हुई जनहानि में मौत का आंकड़ा बढ़ने की संभावना है। पोलैंड के विदेश मंत्रालय ने मिसाइल का रूसी निर्मित  होने का दावा किया है। इस मिसाइल हमले के बाद पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने आगे की जांच और रणनीति के लिए बातचीत की है। इंडोनेशिया के बाली में हो रहे जी 20 शिखर सम्मेलन में शामिल अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने आज जी 7 सदस्य देशों के साथ भी पोलैंड में गिरी रूसी मिसाइल के बारे में चर्चा की है। जी 7 सदस्य देशों की बातचीत की तस्वीर सामने आई है जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों व ब्रिटेन के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री ऋषि सुनक समेत इटली, जर्मनी, जापान, स्पेन और नीदरलैंड्स के नेता शामिल हैं। 

इस बीच पोलैंड पर हुए मिसाइल हमले पर रूस की भूमिका पर संदेह प्रकट करते हुए जो बाइडेन ने यह भी कहा कि इसकी संभावना कम है कि मिसाइल को रूस के तरफ से दागा गया होगा। हम इसकी जांच करेंगे और विभिन्न देशों के राजदूतों की बैठक बुलाएंगे।

बता दें कि हाल ही में खेरसाॅन से रूसी सेना की वापसी के ऐलान के बाद पिछले नौ महीने से ज़ारी रूस यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के पहल के रूप में देखा जा रहा था। रूस के इस फैसला के बाद अमेरिका ने भी उम्मीद जताई थी कि दोनों देशों के बीच शांति वार्ता का रास्ता खुल सकता है। 

लेकिन पोलैंड पर तथाकथित रूसी मिसाइल हमले के बाद एक बार फिर नया मोड़ आ गया है। पोलैंड नाटो (North Atlantic Treaty Organization) का सदस्य देश है और रूस का यह मिसाइल हमला नाटो सदस्य देशों के खिलाफ माना जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो इस रूस यूक्रेन युद्ध की कड़ी में पोलैंड पहला नाटो सदस्य होगा जिसपर रूस ने मिसाइल हमला किया है।

संजय राउत: लव जिहाद कहें या कुछ और लेकिन ऐसे लोगों को खुले बाजार में हो फांसी

 संजय राउत: लव जिहाद कहें या कुछ और लेकिन ऐसे लोगों को खुले बाजार में हो फांसी

क्राइम/राजनीति 

देश की राजधानी नई दिल्ली के महरौली में दिल दहलाने वाला श्रद्धा हत्याकांड में हर दिन एक नया खुलासा हो रहा है। इस दर्दनाक हत्याकांड पर उद्धव ठाकरे गुट के शिवसेना नेता सांसद संजय राउत ने अपराधियों को बीच बाजार में फांसी पर लटका देने की बात कही है।  

राउत ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि श्रद्धा की जिस तरह से हत्या हुई है और जो सबूत दिख रहे हैं, उस आधार पर ऐसे लोगों को खुले बाजार में फांसी पर लटका देना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि इसे लव जिहाद कहें या कुछ और लेकिन लड़कियां हमारी मर रही हैं। इसमें कानून कुछ नहीं करेगा और ऐसे हत्याकांड को रोकने के लिए समाज को ही उतरना पड़ेगा। 

हाल ही में पात्रा चाॅल घोटाला मामला के आरोप में जेल में बंद सांसद संजय राउत बेल पर रिहा हुए हैं। 

गौरतलब है कि लिव इन रिलेशनशिप में रह रही अपनी पार्टनर श्रद्धा के गला घोंटकर हत्या करने के बाद आफताब ने उसके शव को 35 टुकड़े करने की बात कबूली है। उसने शव के टुकड़े को फ्रिज में रखा था। पुलिस पूछताछ में  आफताब ने बताया है कि हर रोज रात को दो बजे शव के टुकड़े को ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहा था। देश का दिल कहे जाने वाली राजधानी दिल्ली में यह हत्याकांड इतना भयावह है कि इसे सुनकर हर किसी के होश फाख्ता हो जा रहे हैं।

 फिलहाल दिल्ली पुलिस श्रद्धा हत्याकांड के आरोपी आफताब को गिरफ्तार कर पूरी गुत्थी सुलझाने के दिशा में आगे बढ़ रही है।

Monday, October 10, 2022

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला समेत कई राजनेता सपा सुप्रीमो का करेंगे अंतिम दर्शन

 आज दिन मंगलवार को समाजवादी पार्टी के संस्थापक व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार सैफई गांव में उनके पैतृक आवास पर होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के साथ साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तेलंगाना मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव, छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत तमाम प्रदेशों के मुख्यमंत्री और राजनेता अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। 


सपा की आवाज थे मुलायम : लोकसभा अध्यक्ष बिड़ला


सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि वे समाजवादी पार्टी के आवाज़ रहे थे। उनकी 16वीं-17वीं लोकसभा में मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव की बढ़ती उम्र व स्वास्थ्य ठीक ना होने के बावजूद उनका लोकसभा में आना और अपना विचार व्यक्त करना  उनका लोकतंत्र के प्रति आस्था को दर्शाता था। मेरी संवेदना उनके परिवार के साथ है।


मुलायम जी का निधन अपूर्णनीय क्षति : मनोज सिन्हा


जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन अपूर्णनीय क्षति है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे। उनके समर्थकों से उम्मीद है कि वह मुलायम जी द्वारा दिखाए गये जनसेवा के रास्ते पर चलेंगे। 


मुलायम की सादगी को हमेशा याद किया जाएगा : गुलाम नबी आजाद 


जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और हाल ही में कांग्रेस से अलग होकर अपनी नई पार्टी डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी बनाने वाले वरिष्ठ राजनेता गुलाम नबी आजाद ने सपा सुप्रीमो के निधन शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह दुःख की बात है की मुलायम जी आज हमारे बीच नहीं हैं। उनकी सादगी को हमेशा याद किया जाएगा । गुलाम नबी आजाद ने यह भी कहा कि जब तक मुलायम जी राजनीति में रहे, वे हमेशा गरीबों, किसानों और मजदूरों के बीच रहे। हमारी बहुत सारी यादें उनके साथ हैं।


गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में हुआ था सपा सुप्रीमो का निधन

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का ईलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। सोमवार लगभग आठ बजकर बीस मिनट के करीब उनका निधन हो गया। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह , आप नेता संजय सिंह समेत तमाम नेता मेदांता अस्पताल पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।  जिसके पश्चात पार्थिव शरीर को उत्तर प्रदेश के सैफई गांव में उनके पैतृक आवास पर लाया गया। आज उनका वहीं अंतिम संस्कार होना है।